सोमवार, 27 अप्रैल 2026

वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के सामने दक्षिण अफ्रीका की रफ्तार की चुनौती

Author

Team Delhi Varta

Sports संवाददाता

calendar_today गुरुवार, 26 फरवरी 2026
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के सामने दक्षिण अफ्रीका की रफ्तार की चुनौती
अहमदाबाद। टूर्नामेंट में अब तक अपराजेय रही वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमें टी20 विश्व कप सुपर आठ के मुकाबले में बृहस्पतिवार को आमने सामने होंगी तो आक्रामक कैरेबियाई बल्लेबाजों को बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण से पार पाना होगा। दक्षिण अफ्रीका ने खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम को पिछले मैच में इसी मैदान पर 76 रन से हराया था जबकि वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को मुंबई में 107 रन से मात दी। वेस्टइंडीज के पास बेहतरीन आक्रामक बल्लेबाज हैं जो अपने दम पर मैच जिताने का माद्दा रखते हैं। अब उनका सामना हालांकि दक्षिण अफ्रीका के ऐसे गेंदबाजी आक्रमण से होगा जिसने रविवार को भारतीय बल्लेबाजों को नाकों चने चबवा दिये थे। मार्को यानसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडि ने मिलकर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज भी कमतर नहीं है और डेविड मिलर ने अक्सर संकटमोचक की भूमिका निभाई है। भारत के खिलाफ पावरप्ले में कई विकेट गंवाने के बाद उन्होंने पारी को संभाला। इस महा मुकाबले में व्यक्तिगत टक्कर पर भी नजरें होंगी मसलन शिमरोन हेटमायेर कैसे रबाडा की गेंदों को खेलते हैं या रोवमैन पॉवेल को महाराज की फिरकी कितना परेशान कर पाती है। मिलर का अनुभव बायें हाथ के स्पिनर अकील हुसैन के सामने कितना काम आता है या यानसेन की गेंदों की उछाल ब्रेंडन किंग को रास आती है या नहीं। यह मैच दिन में खेला जायेगा तो समीकरण अलग होंगे। ओस नहीं होने से टॉस का महत्व उतना नहीं रहेगा। पिच सूखी रहने से शुरूआत में ही स्पिनरों की भूमिका हो सकती है। दक्षिण अफ्रीका ने अपने अधिकांश मैच नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पर ही खेले हैं जिससे टीम यहां के हालात में ढल चुकी है। इसका फायदा उसे इस महत्वपूर्ण मैच में मिल सकता है। वेस्टइंडीज अगर जीत जाता है तो भारत के लिये मुश्किलें खड़ी हो सकती है। इससे वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंचने के करीब आ जायेगा और दक्षिण अफ्रीका को आखिरी सुपर आठ मैच में जिम्बाब्वे को हराना होगा। ऐसे में भारत को वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे दोनों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। टीमें : वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान), जॉनसन चार्ल्स, रोस्टन चेज़, मैथ्यू फोर्डे, शिम्रोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील होसेन, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, गुडाकेश मोती, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, जेडन सील्स, रोमारियो शेफर्ड। दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्क्रम (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मार्को यानसन, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नार्किया, क्वेना मफाका, जॉर्ज लिंडे, जेसन स्मिथ।
Author

Team Delhi Varta

लेखक, दिल्ली वार्ता

यह लेखक पिछले कई वर्षों से समसामयिक घटनाओं, राजनीति, सामाजिक मुद्दों, मनोरंजन, खेल और डिजिटल ट्रेंड्स पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखता रहा है। तथ्यों की सटीकता और भाषा की सरलता इसकी लेखन शैली की विशेष पहचान है।

लेखक का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि पाठकों को उसके व्यापक संदर्भ और प्रभाव से भी अवगत कराना है। जटिल विषयों को आसान और स्पष्ट शब्दों में समझाने की क्षमता इसे अन्य लेखकों से अलग बनाती है। यह विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर जानकारी प्रस्तुत करता है और हर लेख में संतुलन बनाए रखने का प्रयास करता है।

टिप्पणियाँ

0 टिप्पणियाँ

अपनी टिप्पणी छोड़ें